बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल में वार्ड के बाहर बैठे लोग।
बलरामपुर। जून महीने में चिलचिलाती धूप व तेज गर्म हवाओं की चपेट में आने के कारण बच्चे तेजी से बीमार हो रहे हैं। बच्चों में डिहाइड्रेशन, पेट दर्द व उल्टी-दस्त की बीमारी तेजी से फैल रही है। सरकारी अस्पताल में प्रतिदिन इसके 40 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। वार्ड में आठ बच्चों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सक बच्चों को धूप से बचाने, साफ पानी पिलाने व बाहर की चीजें न खिलाने की सलाह दे रहे हैं।
रविवार को जिला मेमोरियल चिकित्सालय की इमरजेंसी में बीमार बच्चों की भीड़ लगी रही। दिनेश कुमार ने बताया कि बच्चे को रात से ही उल्टी-दस्त हो रहा है, उसी का उपचार कराने आए हैं। डॉक्टर ने दो सुई लगाने के बाद ड्रिप लगा दी है। लक्ष्मी ने बताया कि पेट दर्द से परेशान आठ वर्षीय रामू को दिखाने आई हूं। अस्पताल बंद होने के कारण इमरजेंसी में इलाज कराया है।
गर्मी से बचाते हुए बच्चों को पिलाएं साफ पानी
बालरोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सिंह बताते हैं कि गर्मी अधिक होने के कारण बच्चे डिहाइड्रेशन की चपेट में आ रहे हैं। इससे बचने के लिए छोटे बच्चों को बाहर न निकलने दें। उन्हें साफ पानी पिलाएं, ताजा भोजन व मौसमी फल खिलाएं। बच्चों को तली-भुनी व बाहरी खाद्य पदार्थ न दें। इन बातों को ध्यान में रखकर उन्हें बीमारी से बचाया जा सकता है।