नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर फीता काटकर मिशन इंद्रधनुष का शुभारंभ करते नगर पालिका अध्यक्
बलरामपुर। शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए जिले में सोमवार को सघन मिशन इंद्रधनुष के द्वितीय चरण का शुभारंभ हुआ। एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान में नियमित टीकाकरण से छूटे शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण होगा।
नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने सोमवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खलवा में सघन मिशन इंद्रधनुष के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि टीका सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं टीकाकरण स्थलों पर मुफ्त लगाया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके शुक्ला ने बताया कि अभियान का दूसरा चरण शुरू हुआ है जो 16 सितंबर तक चलेगा। वहीं तीसरा चरण नौ से 14 अक्तूबर के बीच चलेगा। इस चरण में नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी मीनाक्षी चौधरी, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्र, डॉ. नुजहत शमीम, डीएमसी शिखा श्रीवास्तव, वीसीसीएम श्याम मिश्र, समीर सिद्दीकी व विनय शुक्ल आदि मौजूद रहे।