बलरामपुर। परिषदीय स्कूूलों की वार्षिक परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को कक्षा दो से आठवीं तक की लिखित परीक्षा कराई गई। बच्चों ने प्रथम पाली में हिंदी व सामाजिक विज्ञान विषय तथा द्वितीय पाली में अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी। बीईओ व एसआरजी समेत अन्य अधिकारियों ने स्कूलों का निरीक्षण किया।
सुबह साढ़े नौ बजे कंपोजिट विद्यालय धुसाह में बच्चे परीक्षा देते मिले। स्कूल में शिक्षिका प्रतिमा सिंह कक्षा एक की मौखिकी परीक्षा ले रही थीं। जबकि शेष बच्चे प्रश्नपत्र के आधार पर अपनी उत्तर पुस्तिका में जवाब लिख रहे थे। इसी तरह धुसाह द्वितीय, कंपोजिट खलवा, पूरब टोला व नगर पालिका स्कूल में बच्चों ने परीक्षा दी।
शिवपुरा शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शेखापुर में सुबह साढ़े नौ बजे इंचार्ज प्रधानाध्यापक विजय कुमार बच्चों को प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिका वितरित करते मिले। सहायक अध्यापक प्रतिभा त्रिपाठी बच्चों की परीक्षा कराती दिखीं। प्रधानाध्यापक ने बताया कि स्कूल में कुल 107 बच्चे पंजीकृत हैं, दूूसरे दिन 60 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी है।
बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि जिले के 1815 स्कूलों में चल रही परीक्षा 24 मार्च को समाप्त होगी। शत-प्रतिशत बच्चों की परीक्षा कराने का निर्देश अध्यापकों को दिया गया है।