बलरामपुर। जिले के आठ कंपोजिट स्कूलों को पीएमश्री योजना से संवारने की तैयारी शुरू हो गई है। आठों में चाइल्ड फ्रेंडली शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। एक स्कूल में अतिरिक्त कक्षा और दो स्कूलों में बाल वाटिका की भी स्थापना की जाएगी। इसके लिए दो चरणों में 50 लाख 15 हजार 600 रुपये का बजट जारी किया है।
परिषदीय स्कूलों को पहले ऑपरेशन कायाकल्प से संवारा जा चुका है। अब पीएमश्री योजना से नई शिक्षा नीति के मानक के अनुसार तैयार किया जा रहा है। चरणबद्ध तरीके से स्कूलों में छात्राें को बेहतर सुविधाएं दी जानी हैं। इसमें कंपोजिट स्कूल धुसाह, तेरवा नवाबाद, बिलोहा बनकसिया, फतवा, मजगवां, विशंभरपुर, रजवापुर सहियापुर, बलरामपुर का चयन किया गया है।
प्रत्येक स्कूल में एक लाख 54 हजार 700 रुपये की लागत से चाइल्ड फ्रेंडली शौचालय का निर्माण होना है। इसके अलावा नौ लाख से एक स्कूल में अतिरिक्त कक्षा-कक्षा का निर्माण होगा। दो स्कूलों में 28 लाख 78 हजार रुपये से बाल वाटिका स्थापित की जाएगी। बाल वाटिका से छात्रों को पौधों के बारे में व उसके रख-रखाव की जानकारी मिल सकेगी।
बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि योजनाओं के माध्यम से स्कूलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
कैसा होगा शौचालय का स्वरूप
चाइल्ड फ्रेंडली शौचालय में सीट छोटे आकार की लगाई जाएगी। यूरिनल सीट की ऊंचाई भी इस तरह होगी कि बच्चे सुविधाजनक ढंग से उपयोग कर सकेंगे। अलग-अलग लंबाई के बच्चों को ध्यान में रखते हुए यूरिनल सीट लगाई जाएगी। शौचालयों में बालक व बालिकाओं के लिए दरवाजे की दिशा अलग-अलग होगी। शौचालयों की दीवारों पर फूल-पत्तियों व पशु-पक्षियों की आकृति उकेरी जाएगी और छत भी आकर्षक बनाए जाएंगे। सूर्य की रोशनी और हवा का उचित प्रबंध होगा।