ललिया (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ललिया गांव में तालाब में डूबने से मासूम की मौत हो गई। प्रधान प्रतिनिधि ने शव का पंचनामा कराकर अंतिम संस्कार करा दिया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गिरजा दयाल जायसवाल ने बताया कि मंगलवार को ललिया गांव के कर्ताराम विश्वकर्मा का बेटा राम (5) घर के बगल स्थित तालाब के आसपास खेल रहा था। खेलते खेलते अचानक राम गहरे पानी में चला गया और उसकी डूबने से मौत हो गई। काफी तलाश करने के बाद परिजनों ने शव को तालाब में उतराता हुआ पाया। शव का पंचनामा कराकर अंतिम संस्कार करा दिया गया है। मासूम की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।