फोटो-3-बलरामपुर के तुलसीपुर में परिषदीय स्कूल के बच्चों के साथ भोजन करते सीडीओ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। प्राइमरी स्कूल तुलसीपुर दक्षिणी का मंगलवार को सीडीओ हिमांशु गुप्ता ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता परखी। सीडीओ ने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन ग्रहण किया। उन्होंने भोजन का स्वाद, गुणवत्ता और स्वच्छता परखी। साथ ही बच्चों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया भी जानी। उन्होंने विद्यालय में पठन-पाठन के वातावरण और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को भी परखा। इस दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं से संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली गई। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।