बलरामपुर। मुख्य विकास अधिकारी संजीव कुमार मौर्य ने बुधवार को औरहवा गांव में पीएम ग्रामीण सड़क योजना के तहत बन रही नई सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखने के लिए सड़क की खोदाई कर जांच पड़ताल भी की। इसके बाद सीडीओ ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज का निरीक्षण कर स्कूल में बन रहे मिड-डे-मील (एमडीएम) की गुणवत्ता को परखा। गुणवत्ता खराब मिलने व नामांकन के सापेक्ष कक्षाओं में बच्चों की उपस्थिति न मिलने पर उन्होंने सख्त नाराजगी भी जताई।
सदर शिक्षा क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज पहुंचे सीडीओ ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि रसोइया से बातचीत कर मध्यान्ह भोजन के बारे में जानकारी भी ली। सीडीओ ने कहा कि वह 15 दिन बाद फिर से विद्यालय का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण में कमियां मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई तय होगी। इसके बाद सीडीओ ने औरहवा गांव में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से बनी नई सड़क का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सड़क की खोदाई कराकर इस्तेमाल हुई सामग्री की गुणवत्ता भी जांचने के साथ ही ग्राम पंचायत महादेव मिश्र में उतरौला रजवाहा के कुलाबा संख्या- सात एवं नौ में निर्मित पक्की नाली का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर हरिश्चंद्र, अभियंता आनंद कुमार, पवन सिंह व महेंद्र गौतम आदि रहे।