तरबगंज (गोंडा)। क्षेत्र के परियांवा गांव में पैमाइश के बाद लगाए गए निशानदेही के पत्थर उखाड़ने के मामले में तरबगंज थाने में दो के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विनोद मिश्र ने शिकायती पत्र में बताया कि गांव में उसकी माता के नाम जमीन दर्ज है। हदबरारी के बाद गाटे की पैमाइश हुई थी व राजस्व निरीक्षक ने पुलिस बल की मौजूदगी में निशानदेही के लिए चारों तरफ पत्थर लगवाए थे। खेत के एक तरफ के पत्थर को दूसरे पक्ष के लोगों ने 13 नवंबर को उखाड़ दिया व मेड़ को जोतकर अपने खेत में मिला लिया। रोकने पर विपक्षियों ने धमकी दी थी। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी।
पीड़ित ने बताया कि पहली बार दी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी व तहरीर भी गायब कर दी गई। इसके बाद एसडीएम से शिकायत की। एसडीएम की फटकार के बाद दूसरी बार तहरीर देने पर केस दर्ज हो सका। प्रभारी निरीक्षक समशेर बहादुर सिंह ने बताया कि परियावां निवासी मूलचंद पांडेय व परमचंद पांडेय के खिलाफ निशानदेही मिटाने, अभद्रता करने व धमकी देने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।