गौराचौराहा (बलरामपुर)। गौरा-जैैतापुर मार्ग पर अहिरौलिया के पास बृहस्पतिवार की रात बिस्कोहर से आ रही बेकाबू कार बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे कार सवार युवक की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौराचौराहा थाना क्षेत्र के मटियारिया निवासी सुनील कुमार (28) बृहस्पतिवार को अपने साथी करमोहना गांव के सुरेश कुमार के साथ कार से बिस्कोहर गए थे। देर रात वह बिस्कोहर से वापस आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अहिरौलिया गांव के पास कार बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे कार में आगे बैठे सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सुरेश कुमार घायल हो गया। सूचना पर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव मौके पर पहुंचे।
उधर, मटियारिया के प्रधान एमडी यादव ने बताया कि उनके गांव का गुलशन (12) बुधवार को साइकिल से पढ़ाई करने गया था। वापस आते समय रेवारी प्राथमिक स्कूल के पास गौरा मार्ग पर पिकअप ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे बहराइच रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।