बलरामपुर। निकाय चुनाव को लेकर शनिवार की शाम बहुजन समाज पार्टी ने दो निकायों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। अन्य दलों में अभी असमंजस देखने को मिल रहा है।
बसपा जिलाध्यक्ष धर्मपाल गौतम ने बताया कि बलरामपुर नगर पालिका परिषद से शाबान अली व उतरौला से राजा भारती को उम्मीदवार बनाया गया है। अभी तक बलरामपुर नगर पालिका परिषद में शाबान अली की पत्नी किताबुन्निशां अध्यक्ष थीं। अन्य सीटों पर रविवार को प्रत्याशी घोषित करने की बात कही जा रही है।
वहीं, भाजपा में अकेले बलरामपुर नगर क्षेत्र से ही 28 दावेदार हैं। उतरौला में आठ, तुलसीपुर में 14, गैसड़ी में आठ व पचपेड़वा में सात दावेदार हैं। पार्टी नेताओं ने स्क्रीनिंग करके इसे प्रांतीय नेतृत्व को भेज दिया है। इतने दावेदारों में सामंजस्य बैठाना किसी चुनौती से कम नहीं है। फिलहाल, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह कहते हैं कि जल्द ही नामों का एलान कर दिया जाएगा।
सपा में भी टिकट को लेकर दावेदारों की भीड़ है। बलरामपुर से चार, उतरौला से 15, तुलसीपुर से तीन, गैसड़ी से पांच व पचपेड़वा से सात दावेदार टिकट मांग रहे हैं। कांग्रेस में भी अभी टिकट को लेकर खामोशी है।