बलरामपुर। होली को लेकर बाजारों में रौनक है। सोमवार को सुबह से देर रात तक लोग होली की खरीदारी करते रहे। बच्चों ने रंग, अबीर-गुलाल व पिचकारी खरीदी। स्कूलों व दफ्तरों में भी होली की धूम रही।
होली की खरीदारी के लिए सोमवार को बाजारों में भीड़ दिखी। मावा, मेवा व अन्य व्यंजनों के लिए लोगों ने जमकर खरीददारी की। होली के लिए कपड़ों की खरीददारी भी काफी तेज दिखी। लोग कपड़े, जूते, मिठाई व चिप्स-पापड़ आदि खरीदते नजर आए। व्यापारियों का कहना है कि महंगाई के बाद भी बेहतर कारोबार की उम्मीद है। लोग खरीदारी कर रहे हैं।
बाजारों में होली के लिए परंपरागत पिचकारियों के साथ-साथ मोदी-योगी, छोटा भीम, मिकी माउस व बुलडोजर आदि पिचकारियों की जबरदस्त डिमांड दिखी। 10 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक की पिचकारियां बच्चों की खास पसंद बनीं। बेन-10, छोटा भीम व मिकी माउस कार्टून छपी पिचकारियां बच्चे खूब खरीद रहे हैं। रंग, अबीर व गुलाल की बिक्री भी खूब हुई। बच्चे तथा अभिभावक हर्बल तथा स्वदेशी रंग खरीदने में दिलचस्पी ले रहे हैं।
सोमवार को कई स्कूलों में बच्चों ने एक-दूसरे को रंग लगाया। अबीर-गुलाल उड़ाकर मस्ती की और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। कई दफ्तरों में भी अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर व गुलाल लगाकर बधाई दी।
नगर में 64 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। सफाई इंस्पेक्टर बहोरन सिंह व सफाई प्रभारी सुरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी होलिका दहन स्थलों तथा जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, चूने व पानी का छिड़काव कराया जाएगा। होली के दिन नगरवासियों को पानी की कोई समस्या न हो, इसके लिए सुबह चार बजे से रात्रि 10 बजे तक पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। इस दौरान यदि बिजली आपूर्ति में कोई समस्या हुई तो जनरेटर की व्यवस्था कर ली गई है। इसमें कोई समस्या आने पर शहरवासी पालिका कर्मचारी से फोन नंबर 9794786683 या ईओ के नंबर 8189078446 पर शिकायत कर सकते हैं।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि होली को देखते हुए तीनों जिला स्तरीय अस्पतालों व नौ सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है। अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि होली खेलते समय केमिकल युक्त रंगों का प्रयोग न करें। हर्बल रंगों का प्रयोग करें। बच्चों को रासायनिक रंगों से दूर रखें। आंख व त्वचा पर रंग का कुप्रभाव दिखने पर तत्काल डाॅक्टर से सलाह लें।
होली पर 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की जानी है। कोई समस्या होने पर जनपद स्तर पर मोबाइल नंबर 9415901535 पर जानकारी दी जा सकती है। इसके अलावा उपखंड अधिकारी विद्युत वितरण प्रथम बलरामपुर नगर प्रेमचंद्र के नंबर 9415901529, रणधीर कुमार द्वितीय व तृतीय बलरामपुर ग्रामीण को 9453004837, अवर अभियंता जयप्रकाश पाल को 9453004831, अनीश कुमार पांडेय को 9453007360, राम सागर को 9415099035, प्रमोद कुमार को 9453004832, दीपक तिवारी को 9453007359 को सूचना दी जा सकती है।