बलरामपुर। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के सोनपुर चौराहे पर सड़क पार कर रहे आठ साल के मासूम को तेज रफ्तार स्कूल बस ने रौंद दिया। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपने के साथ ही बस कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
ग्राम परसपुर दुल्हिनडीह निवासी मो. खलील का आठ वर्षीय पुत्र मो. तसलीम सोमवार शाम सोनपुर चौराहे पर सड़क पार कर रहा था। तभी श्रीराम शिक्षा संस्थान सोनपुर की बस बच्चों को घर छोड़कर लौट रही थी। तेज रफ्तार बस ने तसलीम को रौंद दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। तसलीम तीन भाइयों में मंझला था। हादसे में उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मां-बाप रो-रोकर बेहाल हैं।
तुलसीपुर इंस्पेक्टर अवधेश राज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। बस कब्जे में ले ली गई है। मामले में मृतक के पिता मो. खलील की तहरीर पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।