बलरामपुर। वार्षिक निरीक्षण के क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन अखिल कुमार ने बुधवार को जिले में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा का जायजा लिया। एडीजी ने एसएसबी व स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अलावा नेपाल राष्ट्र के अधिकारियों से बातचीत करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की। एडीजी ने एसपी कार्यालय में संबोधित करते हुए सीमा और जिले में अपराध नियंत्रण के लिए नागरिक सुरक्षा समितियों से राष्ट्रवादी विचारधारा वाले लोगों को जोड़ने तथा प्रमुख चौराहों व तिराहों को सीसीटीवी कैमरे से लैस किए जाने की बात कही।
वार्षिक निरीक्षण पर आए एडीजी गोरखपुर जोन अखिल कुमार ने एसपी राजेश सक्सेना, एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह के साथ सर्वप्रथम सिद्ध पीर रतननाथ व महा मुक्तेश्वर नाथ शिव मंदिर जनकपुर में पूजा-अर्चना की। जरवा कोतवाली परिसर का निरीक्षण करते हुए प्रभारी निरीक्षक को दिशा-निर्देश दिए। एसएसबी के कोयलाबास पुलिस चौकी का निरीक्षण करते हुए 9 वीं वाहिनी के कमांडेंट उपेंद्र रावत, सहायक कमांडेंट बलदेव सिंह व सूचना प्रभारी मनोज कुमार दूबे के साथ सीमा की सुरक्षा व अपराध नियंत्रण के संबंध में चर्चा की। नेपाल से आए दांग के एसपी सुरेश काफिले, जिलाधिकारी हीरालाल रेगनी व नेपाल राष्ट्रीय अनुसंधान केंद्र के अधीक्षक अर्जुन भंडारी के साथ भी बैठक करते हुए उन्होंने सीमा की सुरक्षा के संबंध में बातचीत की।
कोतवाली जरवा में ग्राम पिपरा दुर्गानगर के प्रधान प्रतिनिधि विनय मिश्रा, सुशील मिश्रा, लौकीखुर्द के प्रधान हैसियत, जनकपुर के प्रधान सगीर अहमद, मदरहवा के प्रधान मेराज खान, रतनपुर के प्रधान हरीश मिश्रा, पहाड़पुर के प्रधान चेतराम व हेलोरा के प्रधान इंद्रजीत आदि के साथ बैठक करते हुए उन्होंने अपराध पर नियंत्रण के लिए सीमावर्ती क्षेत्र के 10 किलोमीटर क्षेत्र वाले गांवों में नागरिक सुरक्षा समिति को मजबूत करने की बात कही।
एडीजी ने कहा कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के कारण बलरामपुर राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को सुरक्षा प्रदान करने, अपराध पर नियंत्रण करने तथा घुसपैठ आदि को रोकने के लिए नागरिक सुरक्षा समिति को सक्रिय किया जाएगा। देवीपाटन मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और भी सुदृढ़ करने के लिए कार्ययोजना शासन को भेजी गई है। बताया कि जिले में प्रदेश स्तर का एक माफिया चिह्नित है। उसके खिलाफ कार्रवाई चल रही है और आगे भी जारी रहेगी।
जनपदवासियों से अपील किया है कि एक मकान एक कैमरा अभियान के तहत सभी लोग अपने घरों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाएं। बार्डर एरिया में नेटवर्क की समस्या को लेकर उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारत सरकार को पत्र लिखा गया है। जल्द ही समस्या का निराकरण कराया जाएगा। एनसीसी कैड्टों के साथ नेपाल सीमा पर पैदल पेट्रोलिंग भी किया गया।