बलरामपुर। बैंक कर्मियों का वीडियो बनाने के विवाद को लेकर शहर के गदुरहवा मोहल्ले में 19 अगस्त की रात एक महिला के घर पर बम फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस का कहना है कि जांच में पाया गया कि दिवाली में जलाने वाला पटाखा बम फोड़ा गया है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
नगर कोतवाली के गदुरहवा मोहल्ले की शमीम अख्तर का कहना है कि उसके घर के आधे लोग अस्पताल गए थे। उसके जेठ अस्पताल में भर्ती थे। घर पर सिर्फ महिलाएं थीं। तभी 19 अगस्त की रात करीब तीन बजे को उसके घर पर किसी ने बम फेंका। बम की आवाज सुनकर सभी जग गए। घर के बाहर निकलने पर दो अज्ञात व्यक्ति घर के पश्चिम गली की तरफ एक बम फेंककर भाग गए। सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को कुछ बम ऐसे मिले, जो दगे नहीं थे। पुलिस उसे साथ लेकर गई।
कोतवाल शैलेष सिंह का कहना है कि प्रकरण की जांच की गई तो पाया गया कि कुछ दिन पहले बैंक कर्मी मोहल्ले में आए थे। इसका वीडियो बनाकर वायरल करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी को लेकर यह घटना की गई है। बताया कि मौके से कब्जे में लिए गए बम की जांच से दिवाली में जलाने वाला पटाखा बम होना पाया गया। इस मामले में मुन्ना निवासी गोविंदबाग, मोहम्मद कैफ निवासी पंडा मोहल्ला व किशन सोनी निवासी भगवतीगंज को गिरफ्तार किया गया है।