बलरामपुर। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के 16.13 लाख वोटरों के घर बीएलओ आधार नंबर का ब्योरा जुटाने के लिए दस्तक देंगे। जिले के 1,857 पोलिंग बूथों पर तैैनात बीएलओ को घर-घर भ्रमण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भ्रमण के बाद सभी पोलिंग बूथों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अभिलाष ने गुरुवार को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग व मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देश पर मतदाता सूची में शामिल वोटरों से स्वैच्छिक रूप से आधार नंबर संकलित किए जाएंगे। इसके लिए एक अगस्त से प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिले के सदर, उतरौला, तुलसीपुर व गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में पंजीकृत 16 लाख 12 हजार 644 वोटरों के घर-घर जाकर 1,857 बीएलओ फॉर्म 6-बी पर स्वैच्छिक रूप से आधार नंबर लेंगे। छह अगस्त तक अभियान चलाकर सभी बीएलओ घर-घर जाकर वोटरों के आधार का ब्योरा जुटाएंगे।
विशेष सुविधा के लिए सात से 21 अगस्त तक जिले के सभी 1,857 पोलिंग बूथों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। जहां 18 वर्ष आयु पूरी कर चुके युवक/युवती अपना नाम वोटर लिस्ट में शामिल करा सकते हैं। विलोपन व संशोधन की भी सुविधा मिलेगी। नया व संशोधित मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए वोटरों को आयोग की ओर से जारी नवीनतम फॉर्म छह, सात व आठ भरकर अपने बीएलओ अथवा आरओ अथवा मतदाता पंजीकरण केंद्र पर जमा करना होगा। जिले के सभी वोटरों से एडीएम ने अपील की है कि मतदाता सूची को आधार नंबर से जोड़ने में सहयोग करें।