बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे महासंपर्क अभियान के तहत शनिवार को सदर ब्लॉक परिसर में लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सदर विधायक पल्टूराम ने लाभार्थियों से केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनजन तक पहुंचाने की अपील की।
सदर विधायक ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प से आज करोड़ों लोगों को किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास, घर-घर शौचालय व उज्जवला योजना का लाभ मिल रहा है। गैस सिलेंडर के लिए पहले लम्बी लाइन लगानी पड़ती थी, आज गैस सिलेंडर घर-घर बिना किसी परेशानी के पहुंच रहा है। सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र पर कार्य करते हुए मोदी सरकार सभी जाति-धर्म के लोगों को योजनाओं का लाभ दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश गुंडा व माफियाओं से मुक्त हो चुका है। सम्मेलन को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के सह मीडिया प्रभारी संदीप उपाध्याय, सभासद राघवेन्द्र कांत सिंह, संदीप मिश्रा, विनोद गिरी, शुभम चौधरी व अक्षय शुक्ला आदि मौजूद रहे।
इनसेट
केंद्रीय मंत्री का दो दिवसीय दौरा आज से
महासंपर्क अभियान के अंतर्गत केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर दो दिवसीय दौरे पर 11 जून को बलरामपुर आएंगे। इसी दिन वह शाम को तुलसीपुर शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में दर्शन-पूजन कर रात्रि विश्राम करेंगे। 12 जून को वह गैसड़ी विधानसभा में आयोजित होने वाले लाभार्थी सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। अपराह्न 2 बजे जिला पंचायत सभागार में आयोजित होने वाले संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में भी भाग लेंगे।