महाराजगंज तराई (बलरामपुर)। तुलसीपुर हर्रैया रोड पर खैरी गांव के पास सोमवार की शाम को चाची को छोड़कर घर वापस आ रहा बाइक सवार छुट्टा मवेशी से टकरा गया। इसमें गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम रुद्रपुर निवासी गुरगुज वर्मा ने बताया कि उनका बेटा शिव रतन (30) अपनी चाची रामावती को रक्षाबंधन पर ग्राम बंदरी जोत थाना तुलसीपुर बाइक से छोड़ने गया था। वापस लौटते समय सोमवार की शाम करीब सात बजे खैरी थाना तुलसीपुर के पास बाइक बेसहारा मवेशी से टकरा गई। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायल को तुलसीपुर सीएससी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार ने हेलमेट लगा रखा था। हादसे की खबर मिलने के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की शादी थाना क्षेत्र के साधौपुर में छह वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी धूपा बार-बार बेसुध हो रही थी। जबकि बेटी रिया को परिजन दिलासा दे रहे थे। प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर अशोक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, तहरीर मिलने पर छानबीन की जाएगी।