बलरामपुर। बहराइच बौद्ध परिपथ पर हसुवाडोल रेणुकानाथ मंदिर के पास रविवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। ट्रक कब्जे में लेकर पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
ललिया के ग्राम पंडितपुरवा निवासी विवेक (25) रविवार सुबह बाइक से बहराइच जा रहा था। बौद्ध परिपथ पर ग्राम हसुवाडोल स्थित रेणुकानाथ मंदिर के पास बहराइच की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से विवेक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज ने बताया कि विवेक के सिर समेत पूरे शरीर में गंभीर चोटें आईं हैं। मौके पर हेलमेट नहीं मिला है। इससे माना जा रहा है कि विवेक हेलमेट नहीं पहने था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग गया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है।