ललिया (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के दरदहवा गांव के पास बाइक सवार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गए। बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं उसपर सवार एक बालक व एक किशोर अन्य घायल हो गए। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा में चल रहा है।
ललिया थाना क्षेत्र के रामनगर रसईपुरवा गांव निवासी जयराम (17) कक्षा सात की परीक्षा देने के लिए राधा आदर्श बाल विद्या मंदिर शिवपुरा जा रहा था। बाइक पर उसके साथ गांव के ही श्रवण कुमार (11) व मोहित पाठक (13) भी सवार थे। बाइक दरदहवा गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। बाइक चालक जयराम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। श्रवण कुमार व मोहित पाठक दोनों घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी शिवपुरा में भर्ती कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।