बलरामपुर। महिलाओं में आत्मनिर्भर बनने की अलख जगाने वाली 19 महिलाओं को विकास भवन सभागार में शुक्रवार को आयोजित अनंता कार्यक्रम में प्रशंसी पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित हुई महिलाओं ने स्वरोजगार व अपनाने में आई चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी संजीव कुमार मौर्य ने सभी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी सफलता का परचम लहरा रही हैं। वह खुद स्वरोजगार अपना कर दूसरी महिलाओं को भी इससे जोड़ कर आत्मनिर्भर बना रही है। ऐसी महिलाओं को सम्मानित करने में गौरव का एहसास हो रहा है।
सम्मानित होने वाली विकास खंड सदर के भीखपुर गांव की शालिनी, पचपेड़वा के संग्रामपुर गांव की कन्यावती व गैंसड़ी के संझवल की बबीता ने बैंक से महिलाओं को ऋण दिलाकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। पशुपालन, खेती व अचार-मुरब्बा बनाकर महिलाओं ने अपनी गरीबी को मात दी और अपने परिवार के पालन-पोषण में हाथ बढ़ाया।इसी तरह विकास खंड सदर के विशुनीपुर की पूनम वर्मा, बिजलीपुर की शुभी मोदनवाल, भीखपुर की पूनम गुप्ता, पचपेड़वा के सोनपुर धंधरा की ममता, उतरौला के गैहरौला गांव की संध्या मिश्रा, जानकी व तुलसीपुर के जरवा की माधुरी ने सिलाई-कढ़ाई करके स्वरोजगार की राह आसान की।