बलरामपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्र सरकार द्वारा शनिवार को जारी की गई स्वच्छता रैकिंग में प्रदेश स्तर पर बलरामपुर नगर पालिका परिषद को 18वीं रैंक मिली है।
बलरामपुर नगर को जिले का सबसे स्वच्छ नगरीय क्षेत्र माना गया है। इस सूची में नगर पंचायत तुलसीपुर 65वें स्थान के साथ जिले में दूसरे स्थान पर है। जबकि उतरौला नगर पालिका परिषद को प्रदेश में 127वां व जिले में तीसरा स्थान मिला है।
नगर पंचायत पचपेड़वा को प्रदेश में 128वां स्थान मिला है। जबकि जिले में सफाई के मामले में ये सबसे पिछड़ा है। यह जानकारी जिला स्वच्छता समन्वयक आदर्श वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि सभी नगरों की रैकिंग नॉर्थ जोन (उत्तर भारत) में बेहतर हुई है।
भविष्य में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक कर और अच्छा स्थान हासिल किया जाएगा। विदित हो कि गत वर्ष बलरामपुर नगर को प्रदेश स्तर पर 47वां, उतरौला को 81वां, तुलसीपुर को 223वां व नगर पंचायत पचपेड़वा को 215वां स्थान मिला था। इस बार के सर्वे में सभी नगरीय क्षेत्र में सुधार हुआ है।