तुलसीपुर (बलरामपुर)। न्यायालय के आदेश पर स्थानीय पुलिस ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
विदित हो कि एक पीड़िता ने सीएचसी अधीक्षक पर छेड़खानी व मारपीट तथा डॉ. सौम्या नायक पर मारपीट का आरोप लगाया था। पीड़िता के प्रार्थना पत्र पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रत्नेश दीप कमल आनंद ने तुलसीपुर थानाध्यक्ष को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश दिया था।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सीएचसी अधीक्षक सुमंत सिंह चौहान व डॉ. सौम्या नायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। एफआईआर की कॉपी मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।