बलरामपुर। गैसड़ी ब्लॉक में कई गांवों की सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गईं हैं। सड़कें बदहाल होने से ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।
सड़कों को गड्ढामुक्त करने का सरकारी दावा गैसड़ी क्षेत्र में खोखला है। कई गांवों की सड़कें अभी भी बदहाल हैं। ठाकुरपुर, सदीडीह, रमवापुर थारु, लालपुर दर्जनिया, रनियापुर, बालापुर मंसुरवा एवं लुधौरी जाने वाली सड़कें पूरी तरह गड्ढे में तब्दील हो चुकी हैं। इन सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इसके चलते जहां लोगों को आवागमन में असुविधा झेलनी पड़ती है, वहीं आए दिन गड्ढे में फंसकर लोग चोटहिल भी हो रहे हैं।
क्षेत्रवासी शाहिद हसन, बाबू जान, शफीक, राजेंद्र यादव, विजय गुप्ता, जगतराम, इम्तियाज अहमद, मनीराम, धनीराम, कल्लू, अकबर आदि का कहना है कि पीडब्ल्यूडी की सड़क होने के कारण ग्राम पंचायत द्वारा इनका निर्माण अथवा मरम्मत नहीं कराई जा सकती है। ऐसे में पीडब्ल्यूडी द्वारा ध्यान न दिए जाने के कारण सड़क दिनोंदिन क्षतिग्रस्त होती जा रही हैं। इन लोगों ने जिलाधिकारी से सड़कों को गड्ढामुक्त कराने की मांग की है।