बलरामपुर। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग सात और आठ अगस्त को जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेगा। आयोग स्थानीय ग्रामीण निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण से जुड़े मामलों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन से आपत्तियां व सुझाव प्राप्त करेगा। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह के साथ सदस्य बृजेश कुमार, संतोष कुमार विश्वकर्मा, डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया और एसपी सिंह भी दौरे में शामिल रहेंगे। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) अशोक कुमार सचान ने बताया कि आयोग सात अगस्त की शाम चार बजे श्रावस्ती से बलरामपुर पहुंचेगा और सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेगा। आठ अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसके बाद आयोग विकास खंडों और ग्राम पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय स्थिति का जायजा लेगा।