बलरामपुर। रोडवेज की बसों में यात्रा के दौरान यात्रियों को होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से राहत दिलाने के लिए अब जरूरी दवाएं भी उपलब्ध हो सकेगी। इसकी पहल करते हुए परिवहन निगम ने बलरामपुर डिपो से संचालित सभी 84 सरकारी व अनुबंधित बसों में नया फर्स्ट एड किट बॉक्स मुहैया कराने की व्यवस्था की है। बृहस्पतिवार को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके वर्मा ने डिपो के 15 परिचालकों को नया फर्स्ट एड किट बॉक्स वितरित किया।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि परिवहन विभाग यात्री सुविधाओं को लेकर गंभीर है। इसके तहत यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर यात्रियों की मदद के लिए सभी बसों में नया फर्स्ट एड किट बॉक्स रखवाया जाएगा। इसके लिए परिवहन निगम ने जिले में 60 नया फर्स्ट एड किट बॉक्स भेजे गए हैं। यह फर्स्ट एड किट बॉक्स डिपो के परिचालक अपने बैग में रखेंगे। यात्रियों को जरूरत पड़ने पर उन्हें इसमें रखी दवाएं व अन्य सामग्री मुहैया कराई जाएगी। इस अवसर पर डिपो की वरिष्ठ प्रभारी तरन्नुम व सीनियर फोरमैन बुद्ध प्रकाश सहित चालक व परिचालक मौजूद रहे।