बलरामपुर के रानी धरमशाला में स्थित सीडीपीओ कार्यालय पर आयोजत बैठक में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकत्री
बलरामपुर। वर्ष 2021 में जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के पदों के लिए महिला अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे। इसे अब निरस्त कर दिया गया है। नए सिरे से आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी निहारिका विश्वकर्मा ने बताया कि उच्च न्यायालय में योजित विभिन्न रिट के कारण चयन की कार्रवाई संपन्न नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि शासन ने अब पूर्व में जारी की गई भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया नए सिरे से प्रारंभ की जाएगी, उसके लिए दोबारा आवेदन लिए जाएंगे। इसकी तैयारी की जा रही है।
वहीं, सोमवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय शहरी में बैठक हुई। इसमें सीडीपीओ शिवानी दूबे ने बाल विकास कार्यक्रमों के संचालन की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही कुपोषण को समाप्त करने के लिए मिलकर प्रयास करने को कहा।