बलरामपुर के चंदनपुर के पास कराया जा रहा कटानरोधी कार्य।
बलरामपुर। राप्ती नदी में आई बाढ़ के बाद अब प्रशासन तटबंध की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गया है। बाढ़ खंड ने तटबंध के 17 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया है। यहां पर कटा रोधी कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं, बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुईं सड़कों की मरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया है।
डीएम पवन अग्रवाल ने बताया कि गत दिनों नेपाल से पानी छोड़े जाने के कारण आई बाढ़ से प्रभावित हुए जिले के 101 ग्रामों में जिला प्रशासन द्वारा लगातार राहत कार्य किया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित करीब 13 हजार परिवारों को अब तक राशन किट का वितरण किया जा चुका है। 32 हजार से अधिक लोगों को पका-पकाया भोजन भी मुहैया कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने 32 मेडिकल टीमें गठित कर अब तक 13,777 व्यक्तियों का उपचार किया है। पशुपालन विभाग ने बाढ़ प्रभावित 1,309 पशुओं का उपचार व 34290 पशुओं का टीकाकरण किया है। 61 क्विंटल भूसे का वितरण भी कराया गया है।