महराजगंज तराई (बलरामपुर)। तुलसीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत विजयीडीह में कोटेदार पर अनियमितता का आरोप कार्डधारकों ने लगाया है। उन्होंने शुक्रवार को प्रदर्शन कर कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग जिला पूर्ति अधिकारी से की है।
कार्डधारक तुलाराम, बालकराम, बदल, मालीराम, उमाशंकर, चतुर्भुजी, दुलारे, भागवत, गोबरे, गामा व रक्षाराम आदि ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि कोटेदार हर महीने में सभी कार्डधारको को यूनिट के हिसाब से राशन वितरण नहीं करते हैं। आरोप लगाया कि पांच यूनिट के कार्ड पर 35 किलो राशन मिलना चाहिए लेकिन कोटेदार मात्र 28 किलो राशन ही देते हैं। कार्डधारक जब इसका विरोध करते हैं तो वह अभद्रता करने लगते हैं। इन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र भेजकर मामले की जांच कराए जाने और कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक रामवृक्ष यादव ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। अनियमितता मिलने पर कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।