बलरामपुर। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए सहभागी ग्राम पंचायत विकास योजना व वार्षिक कार्य योजना तैयार की जाएगी। एक से 31 जनवरी तक जिले की सभी 793 ग्राम पंचायतों द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। कार्ययोजना के आधार पर नये वित्तीय वर्ष में बजट आवंटित होगा।
जिले में ग्राम पंचायतों द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्यों की कार्य योजना तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है। कार्ययोजना तैयार करने के लिए जिले में नवंबर व दिसंबर में बैठकें भी हो चुकी है। अब पंचायतों द्वारा तैयार कार्ययोजना ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। चालू वित्तीय वर्ष में करीब 200 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई थी। इसके तहत ग्राम पंचायतों को 15वें वित्त आयोग से अनटाइड व टाइड ग्रांट से करीब 42 करोड़ रुपये की दो किस्त मिल चुकी है। अभी ग्राम पंचायतों को अनटाइड व टाइड ग्रांट की तीसरी व चौथी किस्त मिलना बाकी है। जनवरी माह में इसके मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसके साथ आगामी वित्तीय वर्ष में ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों की विस्तृत कार्ययोजन तैयार कराई जा रही है। चालू वित्तीय वर्ष में मिले ग्रांट से 20 प्रतिशत बढ़ाकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय ने बताया कि कार्ययोजना के लिए नौ थीम निर्धारित किए गए हैं। कोई भी ग्राम पंचायत एक से एक से अधिक थीम पर कार्ययोजना तैयार कर सकती है।