बलरामपुर के रामनगर में उपकेंद्र का निरीक्षक करते एसीएमओ डॉ. एके सिंघल
पचपेड़वा (बलरामपुर)। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर व उपकेंद्र रामनगर में मरीजों के लिए न तो बिजली की व्यवस्था है न ही शुद्ध पेयजल की। बृहस्पतिवार को जायजा लेने पहुंचे एसीएमओ डॉ. एके सिंघल ने इस पर नाराजगी जताई। बिजली आपूर्ति की व्यवस्था अतिशीघ्र कराने को कहा।
एसीएमओ ने निर्माणाधीन भवन व उपकेंद्र पर उपलब्ध संसाधन देखे। इसके बाद टीम ने भाथर गांव पहुंचकर वहां हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर निर्माण व दस्तक अभियान का स्थलीय सत्यापन किया। लोगों से सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण में एनएचएम के जिला समन्वयक शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, पचपेड़वा के अधीक्षक डॉ. विजय कुमार, जेई आरएस मौर्या, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विनोद त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
अस्पताल में नहीं हो रही इलेक्ट्रोलाइट जांच
संयुक्त जिला चिकित्सालय की पैथाेलॉजी में इलेक्ट्रोलाइट जांच नहीं हो रही है। बृहस्पतिवार को मरीज प्रदीप, राधेश्याम, मानसी व सुकन्या ने बताया कि लैब कर्मियों ने इलेक्ट्रोलाइट जांच न होने की बात कहकर लौटा दिया है। पप्पू व राजकिशोर ने बताया कि 1100 रुपये देकर निजी में जांच कराई है। अन्य जांच की रिपोर्ट एक दिन बाद मिलने के कारण इलाज के लिए दो दिन दौड़ना पड़ता है।