नवाबगंज (गोंडा)। पहलवान वीर मंदिर के पास एक दुकान से आठ सौ रुपये चुराने पर 10 वर्षीय बालक की दुकानदार ने पिटाई कर दी। उसके दोनों हाथ रस्सी से बांधकर माता-पिता को बुलाने पर अड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने दुकानदार हनुमान तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, लौव्वावीरपुर निवासी हनुमान तिवारी की नवाबगंज कस्बे में किराना की दुकान है। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे हनुमान किसी काम से दुकान से कुछ दूर पर गए थे। तभी तरबगंज इलाके का रहने वाला बालक उनकी दुकान में घुसा और 800 रुपये चुराकर भागने लगा। इसी बीच दुकानदार ने बच्चे को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को मुक्त कराया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि बच्चे के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है।