बलरामपुर। सदर तहसील में अधिवक्ताओं द्वारा न्यायिक कार्य में सहयोग न किए जाने के कारण उप जिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) कोर्ट में मंगलवार को मुकदमों की सुनवाई नहीं हो सकी। इसके चलते वादकारियों को मायूस लौटना पड़ा। एसडीएम कोर्ट में सुनवाई के लिए विभिन्न मामलों से जुड़े वादकारी सुबह से ही तहसील परिसर पहुंच गए थे, लेकिन अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य में सहयोग न करने के कारण मुकदमों की सुनवाई टल गई। दिन भर इंतजार के बाद भी सुनवाई नहीं हो सकी और करीब 73 मुकदमों की तारीख आगे बढ़ा दी गई। वादकारी संतोष कुमार, प्रमोद कुमार, मेहताब, राजेंद्र व मुकेश आदि ने बताया कि सुबह से ही कोर्ट परिसर में अपने मामले की बारी का इंतजार करते रहे, लेकिन अंत में उन्हें निराश लौटना पड़ा। (संवाद)