तीन माह से बिजली गुल होने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज तराई-बलरामपुर। तीन माह से बिजली गुल होने पर ग्रामीणों ने पावर कॉर्पोरेशन अफसरों के खिलाफ शनिवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि ट्रांसफार्मर खराब होने से उदईपुर गांव के 100 घरों में तीन माह से अंधेरा है। ग्रामीणों ने एक्सईएन पावर कार्पोरेशन से ट्रांसफार्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। शीघ्र आपूर्ति बहाल न होने पर ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। तुलसीपुर ब्लॉक के ग्राम उदईपुर के ग्रामीण सूर्यलाल, नियाज अहमद, मुर्तजा, जियाउल्लाह, जब्बार, बुद्घू, पप्पू, तजामुल, कलीम व जमीदार लाल आदि ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि गांव के बाहर लगा ट्रांसफार्मर तीन माह से खराब पड़ा है। विभागीय अफसरों व कर्मियों से कई बार शिकायत करने के बाद भी ट्रांसफार्मर दुरुस्त नहीं कराया गया है। ट्रांसफार्मर ठीक न होने से बिजली से चलने वाले सभी उपकरण निष्प्रयोज्य पड़े हैं। क्षेत्रीय जेई विकास चंद्र ने बताया कि जिले में ट्रांसफार्मर की कमी के चलते बदला नहीं जा सका है। नया ट्रांसफार्मर आने के बाद तत्काल बदलवाया जाएगा।