बलरामपुर। सरयू नहर के अधूरे माइनर मोतीपुर खण्ड-6 में अचानक पानी छोड़ दिए जाने से करीब 400 बीघा फसल जलमग्न हो गई है। फसल जलमग्न होने से किसानों में विभागीय अधिकारियों के प्रति आक्रोश व्याप्त है। किसानों को फसल के नुकसान की आशंका सता रही है। किसानों ने डीएम से मामले की शिकायत करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
किसान राहुल, मुकेश, सहजराम, सझिले, बड़के व मनोज आदि ने बताया कि सरयू नहर मोतीपुर खण्ड-6 में माइनर का निर्माण कराया जा रहा है। सोमवार को अधूरे माइनर में पानी छोड़ दिया गया। माइनर जगह-जगह कटा हुआ है।
पानी छोड़ते ही चारों तरफ फैलने लगा। देखते ही देखते पानी कनहरा पुरवा, लौबुड्डी व बनकटवा आदि गांवों के पास गेंहू की फसल में भर गया। खेत में पानी भर जाने से गेहूं की फसल को नुकसान हो रहा है।
विभागीय अधिकारी पूरी तरह से संवेदनशील बने हुए हैं। पानी के चलते फसले बर्बाद हो रही हैं। यदि शीघ्र ही खेतों से पानी नहीं निकला तो किसानों की फसल बर्बाद हो जाएगी। इन लोगों ने डीएम से मामले की जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने तथा बर्बाद हो रही फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
इस संबंध में एसडीएम सदर राजेंद्र बहादुर ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद जांच कराई जा रही है। शीघ्र ही माइनर का काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है।