आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित
चार चरणों में प्रक्रिया होगी पूरी, अभिभावकों को करना होगा ऑनलाइन आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। जिले में गरीब परिवार के 3303 बच्चों को अब कान्वेंट स्कूलों में पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों के लिए 25 प्रतिशत सीटें निजी विद्यालयों में आरक्षित कर दी गई हैं। निशुल्क अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत सत्र 2025-26 के लिए नियम लागू किया गया है।
इसके लिए गरीब अभिभावकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। एक दिसंबर से आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर होगी। जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता निरंकार पांडेय ने बताया कि राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से आवेदन शुरू होने की समय सारिणी जारी कर दी गई है। अभिभावकों को आवेदन करने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाना पड़ेगा। चार चरणों में प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पहले चरण की आवेदन प्रक्रिया एक दिसंबर 2024 से शुरू होगी, जो 19 दिसंबर तक चलेगी। 24 दिसंबर को लॉटरी कराई जाएगी। 27 दिसंबर को प्रवेश दिलाया जाएगा। दूसरे चरण में आवेदन की प्रक्रिया एक जनवरी से 19 जनवरी 2025 तक चलेगी। 24 जनवरी को लॉटरी कराई जाएगी। 27 जनवरी तक प्रवेश ले सकेंगे। तीसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया एक से 19 फरवरी तक चलेगी। 24 फरवरी को लॉटरी कराई जाएगी। 27 फरवरी को प्रवेश दिलाया जाएगा। चौथे चरण में आवेदन की प्रक्रिया एक से 19 मार्च तक चलेगी। 24 मार्च को लॉटरी होगी। 27 मार्च को निजी विद्यालयों में दाखिला दिलाया जाएगा।
पात्र छात्रों का निजी विद्यालयों में होगा दाखिला
पहली बार आरटीई की प्रक्रिया दिसंबर से शुरू हो रही है। बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। पात्र विद्यार्थियों का निजी विद्यालयों की 25 प्रतिशत सीटों पर दाखिला कराया जाएगा।
-शुभम शुक्ल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी