तरबगंज (गोंडा)। पूर्ति निरीक्षक ने किराना स्टोर से 31 रसोई गैस सिलिंडर बरामद करने का दावा किया है। आरोप है कि दुकान की आड़ में अवैध तरीके से सिलिंडर का भंडारण व रिफिलिंग का काम किया जा रहा था।
नगर पंचायत बेलसर के वार्ड संख्या-16 चांदपुर निवासी सरजू प्रसाद की बाजार में गोंडा रोड पर किराने की दुकान है। मंगलवार को बेलसर आपूर्ति निरीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने दुकान का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षक के अनुसार दुकान से घरेलू, काॅमर्शियल व छोटे कुल मिलाकर 31 सिलिंडर मिले। साथ ही अवैध रूप से रिफिलिंग करने के संयंत्र व रेगुलेटर भी बरामद हुए हैं। निरीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि बरामद सिलिंडर को कब्जे में लेते हुए नजदीक के विशेन भारत गैस एजेंसी बेलसर के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपी दुकान मालिक सरजू प्रसाद के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया है।