बलरामपुर। निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के पांचों नगर निकायों में 222 बूथों पर होने वाले चुनाव में 221 बूथ संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। बलरामपुर नगर पालिका परिषद में ही एकमात्र बूथ ऐसा है, जिसे सामान्य श्रेणी में रखा गया है। संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा को लेकर अलग से माइक्रो प्लान तैयार किया जा रहा है। निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
एडीएम न्यायिक ज्योति गौतम ने बताया कि जिले के पांचों नगर निकायों में कुल 96 वार्ड हैं। इसमें 79 मतदान केंद्र व 222 बूथ हैं। बूथों की संवेदनशीलता को लेकर एसडीएम व सीओ के स्तर से रिपोर्ट ली गई। बीते पांच साल के भीतर हुए चुनाव के दौरान विवादों को परखा गया। इसके आधार पर सुरक्षा को लेकर रणनीति बनाई गई है।
एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि निकाय चुुनाव के मद्देनजर पुलिसकर्मियों को बूथों के बारे में जानकारी जुटाने को कहा गया है। बाजार में भ्रमण करके सुरक्षा प्रबंधों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है।
वहीं, नगर निकायों में वार्डों के प्रस्तावित आरक्षण पर आई आपत्तियों को निस्तारित करने के लिए अधिकारियों को लगाया गया है। साथ ही अन्य बिंदुओं पर समीक्षा की जा रही है। एडीएम ने बताया कि आपत्तियों को निस्तारित करके शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।