बलरामपुर। बिना मान्यता के स्कूल चलाने वालों के खिलाफ प्रशासन की नजर टेढ़ी हो गई है। डीएम अरविंद सिंह के निर्देश पर फर्जी विद्यालयों के खिलाफ विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बिना मान्यता के संचालित 21 विद्यालयों को बंद करा दिया गया है। वहीं, 10 को नोटिस दिया गया है।
बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि बीईओ श्रीदत्तगंज रमेश चंद्र मौर्य ने मान्यता न होने पर न्यू माॅडर्न पब्लिक स्कूल, अल रहमान पब्लिक स्कूल, इकरा पब्लिक स्कूल, श्रीलक्ष्मण प्रसाद पब्लिक स्कूल, न्यू ग्लोरियल एकेडमी, एचएमए इंटर कॉलेज व संतराम महर्षि शिक्षण संस्थान को बंद कराया है। बीईओ सुनीता वर्मा ने बताया कि केवी पांडेय पब्लिक स्कूल व बीईओ हरैया सियाराम वर्मा ने न्यू भारत माॅडर्न पब्लिक स्कूल, सेंट जार्ज एकेडमी स्कूल, लार्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल, सुभाष चंद्र बोस सिटी मांटेसरी पब्लिक स्कूल, जीआर पब्लिक स्कूल, संजीवनी चिल्ड्रेन प्रशिक्षण संस्थान, शिवबाल विद्या मंदिर, स्वामी दयानंद शिक्षण संस्थान, गीता ज्ञान सरोवर बालविद्या मंदिर, रामफेर मेमोरियल शिक्षण संस्थान व प्रभादेवी स्मारक शिक्षण संस्थान सहित जिले में संचालित 21 बगैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को बंद कराया गया। बंद कराए गए स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का नामांकन निकटवर्ती परिषदीय विद्यालयों में कराया गया है।