बलरामपुर। जिले के 652 परिषदीय व माध्यमिक विद्यालयों के करीब 18 सौ शिक्षकों को स्टेट एजुकेशनल अचीवमेंट सर्वे के लिए सोमवार को प्रशिक्षित किया गया। अब यह शिक्षक तीन नवंबर को कक्षा तीन, छह और नौ के विद्यार्थियों का विषयवार आंकलन व नामांकित छात्रों की संख्या आदि का सर्वे करेंगे। प्रशिक्षण का आयोजन एनसीईआरटी नई दिल्ली के तत्वावधान में संपन्न हुआ। यह जानकारी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य हिफजुर्रहमान ने दी।
उन्होंने बताया कि जिले में 652 विद्यालयों में सर्वे होना है। एनसीआरटी से प्राप्त सर्वेक्षण हेतु चयनित स्कूलों की सूची का सत्यापन करने के लिए जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिस विद्यालय में सर्वे होना है वहां पर कक्षा तीन, छह व नौ में कितने बच्चे नामांकित हैं इसकी भी संख्या खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मंगाई गई है। बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि जिले के नगर सहित सभी बीआरसी केंद्रों पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में करीब 1800 शिक्षकों ने हिस्सेदारी की।
सर्वे के लिए कंट्रोल रूम होगा स्थापित
डायट प्राचार्य ने बताया कि तीन नंबर को आयोजित होने वाले स्टेट एजूकेशन एचीवमेंट सर्वे के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। सर्वे संबंधी जानकारी के लिए राजकीय इंटर कॉलेज दारीचौरा के प्रधानाचार्य आशीष कुमार मौर्य को कंट्रोल रूम प्रभारी बनाया गया है। सर्वे से संबंधित किसी भी समस्या के निस्तारण के लिए आशीष मौर्य (8004802156) के साथ ही नामित दो सदस्य डायट प्रवक्ता राज कुमार (9169925935) तथा जिला समन्वयक प्रशिक्षण समग्र शिक्षा मोहित देव त्रिपाठी (9125767655) के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जा सकेगा। कंट्रोल रूम तीन नंबर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक संचालित रहेगा।