हाईटेंशन तार गिरने से पांच बीघा गन्ना राख
अमर उजाला ब्यूरो
बलरामपुर। गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के सुस्ता गांव में हाईटेंशन तार गिरने से पांच बीघे गन्ने की फसल जलकर खाक हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। किसान टेक बहादुर ने मंगलवार को बताया कि उनके खेत में बीते दिन हाईटेंशन विद्युत तार अचानक गिर गया। बिजली की चिंगारी से उनके गन्ने के खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे खेत में फैल गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना में पांच बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक लाल मोहम्मद व हल्का लेखपाल ने बताया कि क्षति का आंकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। शीघ्र ही पीड़ित को सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।