नगर निकायों की मतदाता सूची दुरुस्त करने का काम शुरू
-तीनों तहसीलों के एसडीएम को सौंपी गई खामियां दूर कराने की जिम्मेदारी
बलरामपुर। नगर निकायों की मतदाता सूची को दुरुस्त करने का काम शुरू हो गया है। तीनों तहसीलों के एसडीएम को मतदाता सूची की खामियों को दूर कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम शिवपूजन ने बीते दिन बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर जिले में नगर निकायों के वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा हैै। सदर एसडीएम किशोर गुप्ता को नगर पालिका परिषद बलरामपुर, उतरौला एसडीएम जेपी सिंह को नगर पालिका परिषद उतरौला और एसडीएम तुलसीपुर एसके त्रिपाठी को नगर पंचायत तुलसीपुर व पचपेड़वा के मतदाता सूची को दुरुस्त कराएंगे। 18 वर्ष की आयु पूरा करने वाले युवाओं को शामिल करने, नाम व अन्य में गड़बड़ी दूर कराने तथा मृतकों के नाम वोटर लिस्ट से हटवाने सहित अन्य प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। बिना जांच पड़ताल व सुनवाई किए बगैर किसी का नाम वोटर लिस्ट से नहीं हटाया जाएगा। नगर पालिका व नगर पंचायतों के ईओ मतदाता सूची को दुरुस्त कराने में सहयोग करेंगे। एडीएम ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी सहयोग करने की अपील की है जिससे वोटर लिस्ट की गड़बड़ी को दुरुस्त कराया जा सके।