बलरामपुर। श्रीदत्तगंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत गुमड़ी के मजरे बख्तावरपुरवा में पाइप लाइन फटने से पानी की टंकी निष्प्रयोज्य हो गई है। घटिया पाइप लाइन के चलते टंकी के निर्माण के छह माह बाद ही जलापूर्ति ठप हो गई। तीन साल बाद भी पाइप लाइन की मरम्मत न होने से जलापूर्ति बाधित है। ग्रामीणों ने इसकी मरम्मत कराकर शीघ्र जलापूर्ति शुरू कराने की मांग डीएम से की है।
पूर्व प्रधान ध्रुव कुमार यादव, चिंताराम जायसवाल, मनोज वर्मा, बृजलाल जायसवाल, आदित्य प्रसाद, ओम प्रकाश, रंगीले व अलखराम आदि ने बताया कि बख्तारपुवा में वर्ष 2021 में पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। इससे आठ गांव के करीब 12 हजार लोगों को पानी की आपूर्ति की जानी थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सिर्फ पांच महीने तक जलापूर्ति की गई, इसके बाद जगह-जगह पाइप फट गई। पाइप फटने के कारण जलापूर्ति बंद कर दी गई। इन लोगों ने जिलाधिकारी से पाइप लाइन की मरम्मत कराकर जलापूर्ति शुरू कराए जाने की मांग की है। पानी टंकी पर तैनात चौकीदार रामपाल यादव ने बताया कि पानी टंकी निर्माण होने के एक साल तक ही हमें वेतन मिला है। उसके बाद से वेतन भी नहीं मिल पा रहा है।
इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि महेश वर्मा ने बताया कि अभी कई गांवों में पाइप लाइन बिछाने का कार्य अधूरा है। सिर्फ चार गांव में ही जलापूर्ति शुरू की गई थी। कई जगहों पर पाइप की मरम्मत निजी पैसे से करवाया है। जलापूर्ति के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है।