बलरामपुर। इंस्पायर अवार्ड 2023 के पहले चरण में जिले के 12 बच्चों के विज्ञान मॉडल का चयन किया गया है। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग के पांच व माध्यमिक स्कूलों के सात विद्यार्थी शामिल हैं।
इंस्पायर अवार्ड के लिए 150 बच्चों ने अपने मॉडल का ऑनलाइन प्रस्ताव भेजा था। चयनित प्रस्तावों का मॉडल तैयार करने के लिए सभी प्रतिभागियों को दस-दस हजार रुपये की धनराशि दी जाएगी। जिला स्तरीय प्रदर्शनी में चयनित मॉडल को प्रादेशिक व राष्ट्रीय प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा।
इंस्पायर अवार्ड के नोडल आशीष कुमार वर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय प्रदर्शनी में मॉडल चयनित होने पर प्रतिभागी अपना मॉडल प्रदेश स्तरीय प्रदर्शनी एवं वहां चयनित होने पर राष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रस्तुत करेगा। प्रदेश व राष्ट्रीय प्रदर्शनी में मॉडल प्रस्तुत करने वाले बाल वैज्ञानिक को पुरस्कृत किया जाता है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय घोसियार के छात्र सिद्धार्थ, चंद्रशेखर व अनुज गुप्ता, यूपीएस बरगदवा सैफ के आनंद राव, यूपीएस त्रिकौलिया के अशरफ अली खान, राजकीय हाईस्कूल चकवा की पिंकी शुक्ला, हरहटा के शुभांकर, जीआईसी इटईरामपुर के सूरज कुमार, भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज की प्रिंसी कसौंधन, एचएआर इंटर कॉलेज की अंशिता, बसंतलाल इंटर कॉलेज के कमरूल्ला व स्कॉलर एकेडमी की अंजू वर्मा का प्रस्ताव चयनित हुआ है।
डीआईओएस गोविंद राम ने कहा कि बच्चों द्वारा किया गया प्रयास सराहनीय है।