बलरामपुर। स्थानीय डिपो की बस में बिना टिकट के यात्री व भार ढोने का मामला पकड़ में आया है। परिवहन निगम के अधिकारियों की जांच में विभाग को राजस्व की चपत लगाने वाले 12 परिचालक फंसे हैं। विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए परिवहन निगम ने दोषी परिचालकों पर 11 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला है।
बलरामपुर डिपो की बसों का अधिकारियों ने नवंबर व दिसंबर 2023 तथा जनवरी 2024 में अलग-अलग रूटों पर निरीक्षण किया था। इस दौरान 12 बसों में बिना टिकट के भार लदा पाया गया। साथ ही कई बसों में कुछ यात्री भी बिना टिकट यात्रा करने पाए गए। इसके लिए 12 बसों के परिचालकों को दोषी पाया गया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके वर्मा ने बताया कि कार्रवाई के घेरे में डिपो परिचालक कमलेश कुमार, सोनू, राजेश शर्मा, नरसिंह, राहुल मिश्र, प्रदीप कुमार सिंह, सूरज भारत, मोहम्मद आसिफ खान व पिंटू शुक्ल सहित अन्य कर्मी आए हैं। विभाग ने प्रत्येक पर एक-एक हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
दूसरी तरफ परिवहन विभाग की तरफ से शनिवार को वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस दौरान ओवरलोड और यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद कुमार यादव ने बताया कि चेकिंग के दौरान ओवरलोड दो वाहनों को उतरौला तहसील में सीज किया गया। साथ ही यातायात नियमों की अनदेखी करने पर 25 वाहन चालकों पर चालान की कार्रवाई की गई है।