बलरामपुर। जिला पंचायत की सामान्य बैठक शनिवार को पंचायत सभागार में हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी की उपस्थिति में जिले के विकास के लिए मनरेगा के तहत श्रम बजट के रूप में 116 करोड़ 85 लाख 80 हजार रुपये का प्रस्ताव पेश किया गया, सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इसका अनुमोदन किया। बैठक में सदस्यों ने क्षेत्रीय समस्याओं को भी उठाया, जिनके निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी ने बैठक की कार्रवाई प्रारंभ करते हुए विगत बैठक की कार्रवाई की समीक्षा की। इसके बाद मनरेगा अंतर्गत क्षेत्र पंचायत की कार्ययोजना के साथ-साथ जिले का श्रम बजट 116 करोड़ 85 लाख 80 हजार रुपये का प्रस्ताव पेश किया गया। चर्चा में उठाए गए प्रश्नों का सीडीओ व उपायुक्त मनरेगा ने उत्तर दिया। सदस्यों ने सर्वसम्मति से मनरेगा योजना के श्रम बजट का अनुमोदन दिया।
सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सदस्यों के प्रस्ताव पर जिला पंचायत द्वारा संचालित कांजी हाउस को गो आश्रय स्थल के रूप में संचालित करने के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए। बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने क्षेत्रीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
सीडीओ ने शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। बैठक में सदर विधायक पल्टूराम, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत आशुतोष कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, गोंडा सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह, सुनील कुमार, डीसी मनरेगा सूबेदार सिंह, जिला कृषि अधिकारी आरपी राना आदि मौजूद रहे।