बलरामपुर। एक किसान की लापरवाही से बुधवार दोपहर बूधीपुर में 11 बीघा गन्ना व 22 बीघा गेहूं की फसल जल गई। इससे 4.38 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से जुताई करके आग पर काबू पाया।
बूधीपुर गांव में बुधवार की दोपहर एक व्यक्ति ने अपने गन्ने के खेत में गन्ने की पत्ती में आग लगा दिया। इससे बगल में स्थित लवकुश के गन्ने की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने अपना दायरा बढ़ा लिया। आग की चपेट में आने से भारत राम, लवकुश, धनपता, झिनकन, भक्कू, अकबाल, उजागर, पूजाराम, लालमन, घिराऊ, विक्रम की 11 बीघा गन्ने व 22 बीघा गेहूं की फसल जल गई।
आग की लपटें देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से जुुताई करके आग पर काबू पाया। आग से 4.38 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात कही जा रही है। हल्का लेखपाल विनय यादव ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन करके अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
वहीं, ओम प्रकाश जायसवाल, भारत, लवकुश, झिनकन, रामगोपाल, भक्कू, उजागर, पूजाराम, लालमन, घिराऊ ने पत्ते जलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।