फोटो-26-बलरामपुर के वीर विनय चौराहे पर वाहन का चालान करते यातायात कर्मी ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ रविवार को यातायात की तरफ से विशेष अभियान चलाया गया। विभिन्न चौराहों और प्रमुख मार्गों पर हुई जांच के दौरान 109 वाहनों का ई-चालान किया गया। इस दौरान 1.86 लाख रुपये का समन शुल्क लगाया गया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन दौड़ाने और तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वालों तथा मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की भी जांच की गई। यातायात पुलिस ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित प्रयोग की अपील की है। कहाकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।