बलरामपुर। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच ग्राम पंचायतों को शासन स्तर से पुरस्कृत किया जाएगा। प्रोत्साहन पुरस्कार पाने के लिए 104 ग्राम पंचायतों ने दावा ठोका है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया खत्म होने के बाद जिला स्तरीय समिति ग्राम पंचायतों द्वारा दिए गए अभिलेखों की जांच करेगी। ग्राम पंचायतों में नौ बिंदुओं पर विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। सर्वाधिक नंबर पाने वाली पांच ग्राम पंचायतों को नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रोत्साहन पुरस्कार पाने के लिए एक जून से 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। हमारी पंचायत पोर्टल पर ग्राम पंचायतों ने 100 अंकों वाली प्रश्नावली के उत्तर साक्ष्यों के आधार पर अपलोड किया है। अब जिला स्तर पर गठित जांच समिति ग्राम पंचायतों द्वारा प्रश्नों के दिए गए उत्तर व साक्ष्यों की जांच करेगी। 25 सितंबर से जांच समिति द्वारा ग्राम पंचायतों में साक्ष्यों का स्थलीय सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद सर्वाधिक अंक पाने वाली पांच ग्राम पंचायतों का चयन प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के लिए किया जाएगा। 10 अक्टूबर को जांच समिति चयनित पांचों ग्राम पंचायतों के अभिलेखों की जांच कर संस्तुति रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करेगी। 25 अक्टूबर को जिले में चयनित ग्राम पंचायतों के अभिलेखों की जांच शासन स्तर पर गठित समिति द्वारा की जाएगी।
इन क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन पर मिलेगा पुरस्कार
गरीबी उन्मूलन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, बाल मैत्री गांव, पर्याप्त जल संसाधन, स्वच्छ व हरित पर्यावरण, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, सामाजिक सुरक्षा, सुशासन व महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट करने वाली पांच ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। 25 अगस्त तक आवेदन करने का मौका दिया गया था।
- नीलेश प्रताप सिंह, जिला पंचायती राज अधिकारी बलरामपुर