बलरामपुर के त्रिलोकपुर विश्रामपुर गांव में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
जरवा (बलरामपुर)। तुलसीपुर उपखंड के कोयालाबास फीडर से त्रिलोकपुर विश्रामपुर गांव में बिजली सप्लाई सात दिनों से ठप है। गांव के 100 घरों की बिजली गुल होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर समस्या का निराकरण कराने की मांग की है।
बिजली उपभोक्ता सुरेश यादव, बालकराम, गुलजार, खुनखुन, रामचंदर, बरसाती, पुजारी, बालेंद्र, होली, बिहारी, बाबूलाल, अजय, बुधराम व बौरे ने कहा कि भीषण गर्मी में गांव की 800 आबादी झुलस रही है। दो माह से जर्जर तारों को बदलने के लिए क्षेत्रीय जेई से कहा जा रहा है, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते तार नहीं बदले गए। जर्जर तारों के टूटने से आए दिन बिजली गुल हो जाती है। सात दिन पहले आई आंधी-बारिश से बिजली के जर्जर तार टूटकर गिर गए थे, तबसे बिजली गुल है। गांव में 100 घर हैं, जिसमें 800 परिवार निवास करते हैं। भारी उमस व गर्मी के बीच बिजली न होने से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। इन लोगों ने डीएम से मांग की है कि जर्जर तारों को बदलवाकर उनकी समस्या का निराकरण कराया जाए।
तुलसीपुर डिवीजन के एक्सईएन विश्वास कुमार ने कहा कि ग्रामीणों की सूचना पर एसडीओ अवधेश कुमार से वार्ता की गई है। एसडीओ ने जेई ललित कुमार को ग्रामीणों की बिजली समस्या का निराकरण कराने का निर्देश दिया है।