बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार के निर्देश पर सोमवार को तीन विभागों की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर चार स्थानों पर छापा मारकर बालश्रम कर रहे 10 बच्चों को मुक्त कराया। इस अभियान में पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के साथ ही चाइल्ड लाइन व श्रम विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।
जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी भूपेंद्र ने बताया कि डीएम के निर्देश पर सदर ब्लॉक के बिजलीपुर, रमईडीह, श्रीदत्तगंज व उतरौला क्षेत्र के छह होटलों व दुकानों पर छापा मारा गया। इन स्थानों पर दस बच्चे काम करते मिले।
टीम ने सभी बच्चों को मुक्त कराया। चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। अभियान में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की प्रभारी निलोफर बानो, चाइल्ड लाइन के प्रिंस यादव के साथ ही पप्पू, सलमान वारसी व संध्या भी शामिल रहीं।